सफाई मजदूर संघ चुनाव में बाहरी लोगों का विरोध शुरू
मेरठ। नगर निगम सफाई मजदूर संघ के चुनाव को लेकर नेताओं में खलबली मची हुई है। कुछ बाहरी लोगों ने भी चुनाव में उतरने की तैयारी की है। जिसको लेकर निगम के स्थाई कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। 26 जून को सफाई मजदूर संघ चुनाव के संबंध में अधिवेशन बुलाया गया है।
रविवार को सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला ने कहा कि नगर निगम में कुछ बाहरी लोग घुसने का प्रयास कर रहे हैं। जिनको सफाई कर्मचारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव का कभी विरोध नहीं किया गया, केवल विरोध बाहरी लोगों का है। आगामी 26 जून को चैंबर ऑफ कॉमर्स दिल्ली रोड पर मान्य सफाई मजदूर संघ का अधिवेशन बुलाया गया है। जिसमें निगम के सफाई कर्मचारी अपने नेता प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। पैनल में सात पदों पर संविदा व स्थाई कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चंदोला ने बताया कि अधिवेशन के लिए पहले 21 जून तिथि निर्धारित की गई थी, जिसको निरस्त कर दिया गया। विनेश विद्यार्थी, सुंदरलाल भुरंडा, दीपक मनोठिया, पंकज, कपिल, अजय, नितिन, विनोद चंदोला, सनी, नरेश चौधरी, राजकुमार, बालकिशन, लोकेश, मुकेश आदि अधिवेशन के दौरान हिंद मजदूर सभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।