60 में गणितज्ञ, 57 रुपये में वैज्ञानिक बनेंगे छात्र
मेरठ। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत रविवार को एनसीईआरटी की किताबों की रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। रेट लिस्ट के अनुसार गणित की पुस्तक 60 रुपये में तो विज्ञान की 57 रुपये में उपलब्ध होगी। इसके लिए चार प्रकाशकों को अधिकृत किया गया है। सोमवार तक किताबें उपलब्ध नहीं हुई तो प्रकाशकों को फोन कर डीआईओएस और स्कूलों के प्रधानाचार्य किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
यूपी बोर्ड में पहली बार एनसीईआरटी (राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद) पैटर्न पर पढ़ाई होगी, जबकि अभी बाजार में एनसीईआरटी की किताबें नहीं पहुंच सकी हैं। यूपी बोर्ड में शैक्षिक सत्र 2018-19 में एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की जो सूची जारी की गई है, उनमें गणित की किताब 420 पेज की 60 रुपये की मिलेगी, विज्ञान की 268 पेज की 57 रुपये की। इसी तरह फिजिक्स प्रथम की 256 पेज की 55 रुपये की, जबकि फिजिक्स द्वितीय की 204 पेज की 44 रुपये की है। जीव विज्ञान की 324 पेज की 66 रुपये और अर्थशास्त्र की 60 पेज की 11 रुपये की है। भारत का संविधान 256 पेज की कीमत 35 रुपये है, जबकि राजनीति सिद्धांत 164 पेज 25 रुपये की। रसायन विज्ञान-1 272 पेज 57 रुपये और रसायन विज्ञान-2 176 पेज 38 रुपये की मिलेगी। इस बार कुछ विषयों की पुस्तकें माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद खुद तैयार करा रहा है, जबकि बाकी निजी प्रकाशन की हैं। दरअसल, बिना किताबों के ही यूपी बोर्ड का नया शैक्षिक सत्र बृहस्पतिवार से शुरू हो गया था। फिलहाल इंटरनेट से सिलेबस अपलोड कर विद्यार्थियों को जानकारी दी जा रही है।
आज नहीं आईं किताबें तो करेंगे फोन कॉल
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की तरह से निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें प्रकाशकों के दूरभाष नंबर भी दिए गए हैं। नौ अप्रैल तक अगर किताबें नहीं आती हैं तो प्रकाशकों से सीधे संपर्क कर इनकी उपलब्धता सुनिश्चत की जाएगी।
खास बातें:
पहली बार एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई करेंगे यूपी बोर्ड के छात्र
चार प्रकाशकों को किया गया अधिकृत, रेट लिस्ट जारी