रेंजर्स इलेवन और अमेरिकन क्लब सेमीफाइनल में
- करन क्रिकेट एकेडमी में आयोजित हो रहा है प्रथम अमेरिकन चैलेंजर कप
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मंगलपांडे नगर स्थित करन क्रिकेट एकेडमी में आयोजित प्रथम अमेरिकन चैलेंजर कप में रविवार को दो मैच खेले गए। इसमें रेंजर्स इलेवन और अमेरिकन क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
टास जीतकर रेंजर्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 219 रनों का लक्ष्य रखा। मंजीत ने 113, ओमनाथ ने 39 रन बनाए। जबकि प्रमोद ने तीन, ब्रजमोहन व सचिन को दो-दो विकेट मिले। 219 रनों का पीछा करने उतरी मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम 20वें ओवर में आलआउट हो गई। ब्रजमोहन ने 60, ताज ने 39 और विपिन ने 34 रन बनाए। दूसरे मैच में अमेरिकन क्रिकेट एकेडमी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 249 रनों का लक्ष्य रखा। अभिषेक ने 83, आशुतोष ने 51 रन बनाए। जवाब में बीएसएनएल की टीम 20वें ओवर में 172 रनों पर आल आउट हो गई। रेंजर्स इलेवन ने 45 रन और अमेरिकन एकेडमी ने 77 रनों से मैच जीता। अमेरिकन के गेंदबाज वरुण ने पांच विकेट, सुभाष ने तीन व नितिन ने दो विकेट लिए। मैच के मुख्य अतिथि एसजीएस भटनागर, क्षेत्रीय कानून मंत्री सुभाष शर्मा, संदीप पाराशर ने दोनों मैच के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किये। इस दौरान मुकेश शर्मा, निमेश वशिष्ठ, संजीव, मनीष, पुनीत, हरीश दतियाल, मुकेश शर्मा, कमलजीत सिंह, उपेंद्र चौधरी मौजूद रहे।