जमा कर दें बकाया, ओटीएस के भरोसे न बैठें
मेरठ। यूपीपीसीएल के चेयरमैन आलोक कुमार ने बिजली उपभोक्ताओं से ओटीएस के भरोसे न बैठकर बकाया बिल जमा करने की अपील की है। वह शुक्रवार को विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पीवीवीएनएल की ग्रीष्मकालीन बिजली आपूर्ति तैयारी और राजस्व वसूली की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि किसान व ग्रामीण उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का इंतजार न करें। इसके आने की संभावना कम है। कनेक्शन कटने से बचने के लिए जल्द बकाया बिलों का भुगतान मासिक आसान किस्तों में कर दें। चेयरमैन ने अधिकारियों को ग्रीष्मकालीन बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियों में अभी से जुट जाने के निर्देश दिए। कहा कि मांग बढ़ने से पहले ही लाइनों का दुरुस्तीकरण व ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कर लें। उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत बन रहे बिजलीघरों के निर्माण की समीक्षा भी की। राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए उन्होंने खराब प्रगति वाले अधिकारियों को फटकार लगाई। सभी से 20 बड़े बकायेदारों की सूची रोजाना भेजने के निर्देश दिए। ताकि इनकी मॉनीटरिंग की जा सके। इस मौके पर एमडी आशुतोष निरंजन, निदेशक वित्त पीके अग्रवाल, मुख्य अभियंता राकेश कुशवाहा, एसबी यादव, विराग बंसल, संजय अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता अनिल मलिक आदि मौजूद रहे।
खास खबरें
पीवीवीएनएल एमडी ने दिए राजस्व वसूली लक्ष्य हासिल करने के निर्देश