कंकरखेड़ा। मेरठ-करनाल हाइवे पर मंगलवार सुबह हुए हादसे में तेज रफ्तार ट्रक बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचलते हुए निकल गया। इस हृदय विदारक घटना में पिता ने मासूम के सामने ही दम तोड़ दिया, जबकि आठ साल के मासूम की दोनों पैर कुचले जाने पर हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव चांदसारा खरखौदा निवासी किसान मित्रसेन त्यागी (42) पुत्र प्रेमचंद त्यागी गांव कक्केपुर रिश्तेदारी में गया था। मंगलवार सुबह वह आठ साल के बेटे मोहित के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। जब वह करनाल हाइवे स्थित जंगेठी गांव के पास पहुंचा तो एक ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से आ रहे एक ट्रक के घुस गई। ट्रक का पहिया पिता-पुत्र को कुचलता हुआ निकल गया। इस हादसे में मित्रसेन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्रक मोहित के दोनों पैर कुचलता हुआ निकल गया।
नहीं मिली तुरंत मदद
पिता ने मौके पर दम तोड़ दिया और बेटे के दोनों पैर कुचले जाने पर खून से लथपथ हो गए। ट्रक चालक कुछ दूर आगे ट्रक छोड़कर फरार हो गया तो ऑटो चालक उससे पहले ही मौके से फरार हो गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवे पर तड़पते बच्चे को कैलाशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां से उसे सुभारती हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा के अनुसार मित्रसेन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
मासूम की हालत देखते ही बिलख पड़ी मां
मित्रसेन गांव में ही खेती करते थे। मोहित इकलौता बेटा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची मां मीनू ने मोहित की हालत देखी तो बिलख पड़ी। बार-बार यही कहती रही कि पति को तो भगवान ने छीन ही लिया। लेकिन किसी भी तरह मेरे लाल की जिंदगी बच जाए। मैं उसी के सहारे अपना जीवन बसर कर लूंगी। यह भी नहीं रहा तो मैं किसके सहारे जीऊंगी। परिवार के लोगों का भी रो रोकर बुरा हाल था।
खास बातें:
मेरठ-करनाल हाइवे पर जंगेठी गांव के सामने हुई हृदय विदारक हादसा
बाइक से जा रहे थे पिता-पुत्र, ट्रक ने आठ साल के मासूम के पैर कुचले
ऑटो की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से आते ट्रक में जा घुसी थी