आज शहर में रहेगा रूट डायवर्जन
मेरठ। ईद के कारण शनिवार को शहर में रूट डायवर्जन रहेगा। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित शादी ईदगाह और अन्य मस्जिदों में नमाज को देखते हुए डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। भारी व हल्के वाहनों का रूट डायवर्जन तड़के पांच बजे से शुरू होकर कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगा।
ये होगा डायवर्जन
दिल्ली, गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर-रुड़की की तरफ और मुजफ्फरनगर से दिल्ली व गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को परतापुर बाईपास व मोदीपुरम बाईपास से निकाला जाएगा।
दिल्ली व बागपत की ओर से आने वाली रोडवेज बसें परतापुर बाईपास से कंकरखेड़ा रेलवे फ्लाईओवर से जीरो माइल चौराहे से होकर भैसाली अड्डे आएंगी-जाएंगी।
मुजफ्फरनगर से गढ़ या मुरादाबाद जाने वाला ट्रैफिक जीरो माइल चौराहे से कमिश्नर आवास चौराहे से यूनिवर्सिटी से गढ़ रोड पर निकाला जाएगा। हापुड़ जाने वाले ट्रैफिक को यूनिवर्सिटी होते हुए तेजगढ़ी चौराहे से एल ब्लॉक से हापुड़ की ओर निकाला जाएगा।
इस रूट पर चलेंगी सिटी बसें
गांधी आश्रम, हंस चौराहा, सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास चौराहे से बाउंड्री रोड होकर जीरो माइल चौराहे तक आएंगी-जाएंगी।
इन मार्गों पर नहीं चलेंगे वाहन
हापुड़ रोड से आने वाले वाहन एल ब्लॉक चौकी शास्त्रीनगर से आगे हापुड़ अड्डे की तरफ नहीं जाएंगे।
गांधी आश्रम चौराहे से हापुड़ अड्डा की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। इसे हंस चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
ईव्ज चौराहे से वाहनों को आंबेडकर चौराहा, सर्किट हाउस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली चुंगी और देहली गेट चौराहे से भूमिया पुल की ओर सभी तरह के वाहन बंद रहेंगे।
हापुड़ अड्डा से गोला कुआं की ओर वाहन नहीं चलेंगे।
घंटाघर से रेलवे रोड चौराहा और केसरगंज की ओर से सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।