मेरठ। बारिश की बौछारों के बीच शनिवार को सीबीएसई नार्थ जोन प्रथम महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पांडव नगर स्थित करन पब्लिक स्कूल में पहले दिन खेले गए छह मैचों में छात्राओं ने खूब दम दिखाया।
आयोजक सचिव सुशील त्यागी और सीबीएसई पर्यवेक्षक चेतन चौहान की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता का पहला मैच अंडर-19 वर्ग में श्रीराम विद्या मंदिर एवं गाजियाबाद के जेकेजी के बीच खेला गया। श्रीराम की टीम ने 2-0 से मैच जीता। दूसरे मैच में दिल्ली के बाल भारती पब्लिक स्कूल ने नोएडा के बाल भारती स्कूल को 2-0 से हराया। तीसरे मैच में गाजियाबाद के कैंब्रिज स्कूल ने रामपुर के सेंट मैरी स्कूल को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया। चौथे मैच में अंडर-17 वर्ग में गाजियाबाद के डीडीपीएस ने हेरिटेज स्कूल को 1-0 से हराया। पांचवें मैच में मेरठ के बीडीएस ने गाजियाबाद की विद्या मंदिर टीम को कांटे की टक्कर में 3-2 से हराया। छठे मैच में अंडर-17 वर्ग में दिल्ली के सचदेवा पब्लिक स्कूल ने एमआईईटी से 2-0 से मैच जीता। आयोजक सचिव ने बताया कि रविवार को दिल्ली, सहारनपुर, रामपुर सहित कई शहरों के बीच मैच खेले जाएंगे। करन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर निर्मल सिंह, चेयरमैन भानुप्रताप एवं प्रधानाचार्य डॉ. पारुल चौधरी मौजूद रहे।