मेरठ। सरकारी भवनों में डेंगू के लार्वा लगातार मिल रहे हैं। इसी कड़ी में अब कमिश्नर आवास परिसर (कमिश्नर कंपाउंड) में रखे दो कूलरों में डेंगू के लार्वा मिले हैं। मलेरिया विभाग की टीम ने वहां रहने वाले दो कर्मचारियों को इस संबंध में नोटिस दिए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत ने बताया कि मलेरिया विभाग के सुपरवाइजर देवेंद्र कुमार और संतराज यादव चेकिंग करने कमिश्नर कंपाउंड गए। वहां दो कूलरों में डेंगू का लार्वा मिला। उन्होंने कूलरों से पानी निकालकर लार्वा को मारने वाली दवा डाली। इसके अलावा वहां मिले कर्मचारियों कविता और बबलू को इस संबंध में नोटिस दिए हैं। जिन पर लिखा है कि 24 घंटे बाद वे फिर आकर जांच करेंगे कि लार्वा है या नहीं और पानी बदला हुआ है या नहीं। इससे पहले आरटीओ कार्यालय, जिला अस्पताल, मेरठ विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, स्पोर्ट्स स्टेडियम और हावर्ड गर्ल्स इंटर कॉलेज आदि जगह भी डेंगू के लार्वा मिल चुके हैं।
26 हो गए डेंगू के मरीज
स्वाइन फ्लू के साथ-साथ डेंगू भी पैर पसारने लगा है। डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। मेरठ में डेंगू के मरीजों की संख्या 26 पहुंच चुकी है। मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब से अनवर, अनुज, प्रदीप और प्रशांत को डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. राजकुमार का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रहा है।