रोहटा थाने पर दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते परिजन।
- फोटो : SARDANA
रोहटा(मेरठ)। कैथवाड़ी गांव में ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं महिला के भाई ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
सरधना थाना क्षेत्र के गांव महादेव निवासी अमित त्यागी ने बताया कि उसकी बहन अंजलि त्यागी (25) की शादी पांच माह पूर्व रोहटा थाना क्षेत्र के गांव कैथवाड़ी निवासी आशुतोष त्यागी पुत्र अनिल त्यागी के साथ हुई थी। शादी में दिए दहेज से अंजलि का पति आशुतोष, ससुर अनिल, व सास सुमन संतुष्ट नहीं थे। वे तभी से अंजलि का उत्पीड़न कर 11 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। अंजलि ने मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति से अवगत कराते हुए समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इस बीच ससुरालियों ने अंजलि से मारपीट भी की। मांग पूरी होती न देख मंगलवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने अंजलि की गला दबाकर हत्या कर दी। अमित ने बताया कि सूचना पर जब वे मौके पर पहुंचे तो अंजली का शव कमरे में पड़ा था। उन्होेंने जब ससुराल वालों से अंजलि की मौत का कारण जानने की कोशिश की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने बताया कि अमित की तहरीर पर आशुतोष त्यागी, अनिल, सुमन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन सभी फरार मिले। वहीं बुधवार शाम मायके पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने पहुंचकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।