बिजनौर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच का कार्य भी पूर्ण हो गया। नामांकन पत्राें की जांच में बिजनौर लोकसभा सीट से 12 पर्चे अपूर्ण होने पर निरस्त कर दिए गए हैं। अब बिजनौर लोकसभा सीट पर 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बिजनौर सीट से भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन, समाजवादी पार्टी, बसपा समेत सात राजनीति पार्टियों के प्रत्याशी है। इसके अलावा बिजनौर सीट पर चार निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में उतरे हैं।
बिजनौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार बिजनौर सीट पर रालोद गठबंधन के चंदन चौहान, समाजवादी पार्टी के दीपक, बसपा के विजेंद्र सिंह, जय समता पार्टी के अब्दुल बारी, मजलूम समाज पार्टी से फरमान, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया से राजपाल, मजदूर किसान यूनियन पार्टी से रामधन सिंह चुनाव में है। इनके अलावा चंदन सिंह, जहीर, दीपक कुमार, मोहम्मद शहजाद निर्दलीय के रूप में लोकसभा चुनाव में उतरे हैं।
बिजनौर लोकसभा सीट पर चार मुस्लिम उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें मोहम्मद शहजाद, जहीर निर्दलीय के रूप में तथा फरमान मजलूम समाज पार्टी व अबदुल बारी जय समता पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।
- विजेंद्र सिंह की पत्नी का पर्चा निरस्त
नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई। पर्चों की जांच में शिवलोकपुरी मेरठ निवासी विजेंद्र सिंह की पत्नी पिंकी का भी नामांकन निरस्त हो गया। इन्होंने निर्दलीय पर्चा दाखिल किया था।
- इनके भी नामांकन पत्र हुआ निरस्त
बिजनौर लोकसभा सीट से कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच में करीब 12 पर्चे निरस्त हुए। उनमें निर्दलीय प्रत्याशी अमित गोयल, मो. अली, हरजीत, कामेंद्र सिंह, धर्मपाल, पिंकी, सुरेंद्र कुमार, मोहम्मद जाहिद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नसीम कुरैशी, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभाष पार्टी) से अर्चना सिंह समेत 12 उम्मीदवारों का पर्चे निरस्त हुए।
- चार जिलों के उम्मीदवार ने कराया नामांकन, सबसे ज्यादा मुजफ्फरनगर के
बिजनौर लोकसभा सीट में पांच विधानसभा शामिल हैं। इनमें बिजनौर जिले की चांदपुर विधानसभा, बिजनौर सदर विधानसभा है। मुजफ्फरनगर की पुरकाजी, मीरापुर तथा मेरठ की हस्तिनापुर सीट है। बिजनौर सीट पर पांच उम्मीदवार मुजफ्फरनगर, दो उम्मीदवार मेरठ जनपद और तीन बिजनौर जिले से तथा एक प्रत्याशी जिला प्रयागराज से चुनाव में है।