सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक गांव में दसवीं की नाबालिग छात्रा का अपहरण कर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। छात्रों को तलाश करते पहुंचे परिजनों को पीड़िता ने घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने कारण तनाव की स्थिति बनी हुई है।
क्षेत्र के गांव एक गांव में समुदाय विशेष के युवक ने दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का घर से अपहरण कर लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के घर पर नहीं मिलने पर परिजन उसकी तलाश करते जंगल में पहुंचे तो छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता को लेकर परिजन थाने पहुंचे। पीड़िता ने घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। थाना पुलिस मामले में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करा दिया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।