छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया
दौराला। मटौर स्थित श्रीमल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज में जिला मानसिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान पीएल शर्मा अस्पताल की मनोसामाजिक कार्यकर्ता डॉ. विनीता शर्मा ने छात्राओं को शारीरिक, मानसिक बदलाव, किशोर अवस्था में तनाव प्रबंधन, कम उम्र में विवाह, बाल विवाह के नुकसान आदि के बारे में जागरूक किया। डॉ. विनीता शर्मा ने बताया कि कम उम्र में बालिकाएं शारीरिक, मानसिक, भावात्मक रूप से परिपक्व नहीं होती हैं। कम उम्र में हुए विवाह के बाद गर्भधारण एवं मां बनने के कारण शारीरिक व मानसिक अस्वस्थ हो जाती हैं। इस कारण मातृ मृत्यु दर भी बढ़ती है। इसलिए उन्होंने छात्राओं से कहा कि पहले वे अपनी शिक्षा पूरी करें, फिर कॅरियर बनाने के बाद विवाह के बारे में सोचें। प्रधानाचार्या डॉ. नीरा तोमर ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक समस्या है। इसे केवल कानून से हल नहीं किया जा सकता है। इसके लिए समाज के शैक्षिक और मानसिक विकास के लिए सभी का आगे आना होगा। इस दौरान रजनी, सुनीता, सुधा रानी, अनुराधा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहीं।