एलईडी बल्ब नहीं बदलने पर बिजलीघर पर हंगामा
मेरठ। पीवीवीएनएल द्वारा मुहैया कराए गए सस्ते एलईडी बल्ब गारंटी में बदलने गए लोगों ने 30 रुपया प्रति बल्ब मांगने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन बिजलीघर पर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि बल्ब की दो साल की गांरटी दी गई थी।
पीवीवीएनएल ने बिजली उपभोक्ताओं को सात व नौ वाट के एलईडी बल्ब अपने बिजलीघरों पर स्टाल लगाकर बिक्री कराए थे। बल्ब बेचने वाली कंपनियों ने बल्ब की दो साल की गारंटी दी थी। गारंटी अवधि मेें बल्ब के खराब होने पर बदला जाना था। मंगलवार को दर्जनों लोग खराब बल्ब बदलने के लिए सिविल लाइन बिजलीघर पहुंचे। लोगों ने बताया कि यहां बैठे कर्मचारियों ने खराब बल्ब बदलने के लिए 30 रुपये की मांग की। इसे लेकर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। काफी देर तक लोगों और कर्मचारियों में नोकझोंक होती रही। कर्मचारियों का कहना था कि खराब बल्ब दूसरी कंपनियों के हैं। अब उन कंपनियों का ठेका नहीं रहा।