20190 पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान रहेंगे तैनात
75 स्थानों पर फोर्स और अन्य कर्मचारियों के रुकने की हुई व्यवस्था
62 स्पेशल मोबाइल टीम भी बनाईं
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे जिले को 14 सुपर जोन, 22 जोन और 234 सेक्टरों में बांटा गया है। चुनाव में अर्धसैनिक बल, पुलिस फोर्स और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
एसपी चुनाव सेल संजीव वाजपेयी ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव कराने के लिए अर्धसैनिक बल और पीएसी मेरठ पहुंचनी शुरू हो गई है। चुनाव में सीआरपीएफ, आरएएफ, आईटीबीपी, आरपीएसएफ और पंजाब पुलिस के अलावा पीएसी लगाई गई है। चुनाव के लिए जिले में 1198 मतदान केंद्र, 2740 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 380 मतदान केंद्र संवेदनशील की सूची में रखे हैं। सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की ड्यूटी रहेगी। 27 कंपनी अर्धसैनिक बल, पांच कंपनी पीएसी, यूपी पुलिस के छह हजार कांस्टेबल, 900 दरोगा व इंस्पेक्टर, एक हजार हेडकांस्टेबल, छह हजार होमगार्ड और चौकीदार भी तैनात किए जाएंगे। दो कंपनी अर्धसैनिक बल व पीएसी को रिजर्व में रखा गया है। एसपी ने बताया कि सभी जोन और सेक्टरों में जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक थाने पर दो स्पेशल मोबाइल टीम रहेंगी। कुल 62 स्पेशल मोबाइल टीम बनाई गईं हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
एसएसपी नितिन तिवारी ने बृहस्पतिवार को एसपी चुनाव, एसपी सिटी एएन सिंह, एसपी देहात अविनाश पांडेय और एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसके बाद मतदान केंद्रों का भी जायजा लिया।