अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। किसान सम्मान निधि योजना अंर्तगत दो हेक्टेयर जमीन वाले किसानों को लाभ देने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है, लेकिन अब भी बहुत से किसान ऐसे हैं, जिनके नाम सूची में नहीं हैं। शनिवार को आने वाले नए प्रपत्र के जरिए ऐसे किसानों को भी सूची में शामिल किया जाएगा।
एक फरवरी को केंद्र के अंतरिम बजट में दो हेक्टेयर जमीन वाले किसानों को सम्मान निधि योजना अंर्तगत सलाना छह हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। इस योजना के अंर्तगत किसान के खाते में साल में तीन किस्तों में खाते में रुपये भेजे जाने हैं। इसके लिए तहसील स्तर से किसानों के घोषणा पत्र भरवाने शुरू कर दिए हैं। अभी तक मवाना तहसील में दो हेक्टेयर वाले किसानों की सूची 1 लाख 80 हजार है। अभी बहुत से किसान ऐसे हैं, जिनके पास दो हेक्टेयर से कम जमीन है, लेकिन वह सूची में शामिल नहीं है। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को एक प्रपत्र शासन की ओर से आ रहा है। जिसके अंर्तगत ऐसे किसानों को भी सूची में डाला जाएगा जो छूटे हुए हैं। उनके घोषणा पत्र जल्द भरवाएं जाएंगे। शुक्रवार तक मवाना तहसील के लेखपालों ने लगभग आठ हजार किसानों के घोषणा पत्र भरवाए, जिनकी फीडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।