रैली के जरिए पॉलिथीन के खिलाफ करेंगे जागरूक
मेरठ। पॉलिथीन के खिलाफ मंगलवार को स्कूली बच्चे रैली निकालकर लोगों को जागरूक करेंगे। इसमें 15 विद्यालयों के 100-100 विद्यार्थी और चार-चार शिक्षक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा जिन विद्यालयों के पास बैंड हैं, वह बैंड के साथ रैली में शिरकत करेंगे।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी 15 विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह रैली राजकीय इंटर कॉलेज से सुबह नौ बजे शुरू होगी। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज केअलावा, एसएसडी ब्वायज लालकुर्ती, सेंट जोजफ इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज सदर, केके इंटर कॉलेज, डीएन इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज, फैज ए आम इंटर कॉलेज, एनएएस इंटर कॉलेज, बीएवी इंटर कॉलेज, सीएवी इंटर कॉलेज, राम सहाय इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज लालकुर्ती, जसवंत मिल्स इंटर कॉलेज और डीएमजी इंटर कॉलेज डौरली के विद्यार्थी और शिक्षक रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. गिरजेश चौधरी ने बताया कि पहले यह रैली सोमवार सुबह निकाली जानी थी, बाद में जिलाधिकारी के निर्देश पर इसमें संशोधन किया गया।