पुलिस ने उतरवाए ऑटो में लगे म्युजिक सिस्टम
मेरठ। ऑटो में तेज आवाज में गाने बजाकर चलने वालों के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने अभियान चलाया। नूरनगर और अंजुम पैलेस के पास 15 ऑटो से म्युजिक सिस्टम उतरवा दिए गए।
ब्रह्मपुरी पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि ऑटो चालक तेज आवाज में गाने बजाते हैं। इससे ऑटो में बैठी सवारियों को काफी परेशानी होती है। इस पर शनिवार शाम को इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय ने पुलिस की दो टीमें बनाकर अंजुम पैलेस और नूरनगर में अभियान चलाया। पुलिस ने रोड पर तेज आवाज में गाने बजाकर चलने वाले ऑटो चालकों को रुकवा लिया और उनमें लगे म्यूजिक सिस्टम उतरवाकर थाने में जमा करा दिए। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों स्थानों से 15 ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कुछ चालकों ने किया विरोध
पुलिस की इस कार्रवाई का कुछ ऑटो चालकों ने विरोध भी किया। कुछ ने तो अपने हिमायती भी बुलाकर बचने की कोशिश की, लेकिन इंस्पेक्टर ने साफ कह दिया कि यदि सरकारी काम में बाधा डाली तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं अभियान के दौरान ऑटो में बैठीं महिलाओं ने पुलिस कर्मियों से कहा कि मना करने के बाद भी ये लोग तेज आवाज में गाने बजाकर परेशान करते हैं।