बौंद्रा। क्षेत्र के ग्राम ललियाना में शनिवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक खेत में गिर गया। जिससे किसान की गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब दो बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई।
ग्राम ललियाना निवासी जलीस पुत्र अल्लादिया के खेत में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी थी। उसके खेत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर शनिवार को खेत में गिर गया। इससे निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। इसकी जानकारी पाकर किसान जलीस ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने समीप स्थित ट्यूबवेल चलाकर फसल में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीण जब तक उसे बुझाने का प्रयास करते करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। इससे किसानों में विद्युत निगम के अधिकारियों की कार्यशैली के प्रति रोष है। किसान जलीस ने बताया कि विद्युत निगम अफसरों की लापरवाही के चलते उसके खेत में आग लगी है। वह उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएगा।