मेरठ। पीवीवीएनएल ने ग्रीष्मकालीन सीजन में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विद्युत लाइनों को घेर रहे पेड़ों की छटाई की जा रही है। हालांकि पेड़ों की छटाई के दौरान शटडाउन भी लिया जा रहा है।
प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार के निर्देश पर पीवीवीएनएल एमडी आशुतोष निरंजन ने ग्रीष्मकालीन सीजन की तैयारी शुरू करा दी है। इसके लिए उन्होंने पिछले दिनों विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की छटाई कराने के आदेश दिए थे। इसके तहत सभी बिजलीघर अपने-अपने क्षेत्र की 33 व 11 केवी लाइनों के पास पेड़ों की छटाई कराने लगे हैं। हालांकि इसके लिए ट्रांसमिशन से लिया जा रहा शटडाउन लोगों के लिए आफत बना हैं। शटडाउन लेने से उक्त बिजलीघर क्षेत्र के उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि गर्मी का सीजन सामने होने के चलते इसकी तैयारी समय से करना जरूरी है। उपभोक्ताओं को कार्य की सूचना पूर्व में देकर ही पेड़ों की छटाई और लाइनों की मरम्मत की जा रही है। एमडी आशुतोष निरंजन का कहना है कि गर्मी के सीजन में लाइनों में होने वाले फाल्ट को रोकने के लिए विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराया जा रहा है।