मेरठ। सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अब सख्त अभियान शुरू किया जाए। यह निर्देश मंगलवार को डीएम समीर वर्मा ने बचत भवन में आयोजित एंटी भूमाफिया टास्कफोर्स की समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में एडीएम प्रशासन एसपी पटेल ने बताया कि अब तक छह बड़े भूमाफियाओं पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है और 14 को चिह्नित कर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने राजस्व, नगर निगम, एमडीए, नगर निकाय, आवास विकास, सिंचाई, लोनिवि, शिक्षा विभाग, वन विभाग आदि विभाग के अधिकारियों से अब तक उनके द्वारा की गयी कार्रवाई की जानकारी ली। नगर निकायों व अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा कब्जों के संबंध में अपूर्ण सूचना देने पर नाराजगी जताते कहा कि अवैध कब्जाधारियाें एवं भूमाफियाओं को संरक्षण देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने बताया कि प्रदेश में 13 बड़े अवैध कब्जाधारियों पर गैंगेस्टर प्रस्तावित हुआ, जिनमें छ: अवैध कब्जाधारी मेरठ से हैं। पुलिस विभाग में एंटी भूमाफिया सेल गठित हो, जिससे पुलिस-प्रशासन संयुक्त रूप से अवैध कब्जाधारियों पर कार्यवाही कर सके। बैठक में एसएसपी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- जिलाधिकारी ने की एंटी भूमाफिया टास्कफोर्स की समीक्षा बैठक