मेरठ। खतौली में हादसे के बाद पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस पहली बार साढ़े पांच घंटे की देरी से सिटी स्टेशन पर पहुुंची। रेलवे अधिकारी और यात्री ट्रेन की बाट जोहते रहे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन पीछे से ही लेट रही।
गत शनिवार को पुरी से हरिद्वार जा रही कलिंग उत्कल एक्सप्रेस खतौली में डिरेल हो गई थी। हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई थी और 97 लोग घायल हुए थे। डिरेल हुई उत्कल एक्सप्रेस का रैक तो मंगलवार को हरिद्वार से पुरी के लिए रवाना हो गया था। पिछले पांच दिन से ठप पड़ी पुरी-हरिद्वार सेवा का रैक बृहस्पतिवार को सिटी स्टेशन पर निर्धारित आगमन समय शाम 4:51 बजे पहुंचना था। लेकिन ट्रेन लेट होने के चलते नियत समय पर नहीं पहुंच सकी। हादसे के बाद कंट्रोल की निगरानी में चल रही इस ट्रेन पर सभी की नजरें लगी थीं। करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से यह ट्रेन रात करीब सवा दस बजे सिटी स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि ट्रेन स्टाफ से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन पीछे से ही लेट चल रही थी। रास्तेे में लेट होती जाने पर साढ़े पांच घंटे देरी से पहुंची है। यहां से ट्रेन को नियत दो मिनट के स्टापेज के बाद हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया गया। शुक्रवार को सिटी स्टेशन पर यह ट्रेन आगमन समय 10:05 बजे पहुंचेगी।
खास बात
साढ़े पांच घंटे की देरी से पहुंची सिटी स्टेशन, हादसे के बाद पहली बार आई उत्कल