स्वाइन फ्लू का एक और संदिग्ध मिला
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज बढ़ते जा रहे हैं। अब एक और महिला को स्वाइन फ्लू का संदेह है। इन्हें भी निजी अस्पताल की लैब में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। जबकि सरकारी अस्पताल की लैब की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि हापुड़ की रहने वाली पूनम गोयल (48) गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि निजी लैब की रिपोर्ट में इन्हें स्वाइन फ्लू निकला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल भेजी गई तो पता चला कि 17 जुलाई को ही इन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया था। उनके परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। अब सरकारी लैब में उनकी जांच कराई जाएगी। सीएमओ ने बताया कि उन्होंने हापुड़ के सीएमओ को इस संबंध में पत्र लिख दिया है।
दूसरी रिपोर्ट में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि
खरखौदा के पास कैली गांव के रहने वाले शिवकुमार (42) का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेरठ निजी अस्पताल की लैब की रिपोर्ट में उन्हें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। सीएमओ ने बताया कि शिवकुमार की दिल्ली की सरकारी लैब की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
टेमी फ्लू की एक हजार टेबलेट मांगी
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि टेमी फ्लू की दवाइयां हैं, मगर जिस तरह से मरीज लगातार प्रकाश में आ रहे हैं, इसलिए टेमी फ्लू की और टेबलेट की जरूरत पड़ सकती है। लिहाजा टेमी फ्लू की एक हजार टेबलेट की मांग की गई है।
प्रमुख बातें==
- हापुड़ की रहने वाली हैं महिला, सीएमओ कार्यालय में दी गई सूचना