रामपुर थाना क्षेत्र पटराव के पास से सोमवार की सुबह स्कूल जा रही छात्रा का बोलेरो सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों के मऊ में चाय-नाश्ते के लिए रुकने के दौरान छात्रा दरवाजा खोलकर भाग गई। किशोरी ने मऊ में रह रही मौसी को सूचना दी। इसके बाद परिजन मऊ पहुंचे और उसे घर ले आए। पुलिस जांच में जुटी है।
रामपुर थाना क्षेत्र निवासी छात्रा (12) ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार को स्कूल जा रही थी। स्कूल के पास पहुंचने पर बोलेरो से आए एक युवक ने मधुबन जाने का रास्ता पूछा।
वह जब तक कुछ समझ पाती, तब तक गाड़ी से उतरे एक युवक ने पीछे से आकर उसके मुंह पर रुमाल रख दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह मऊ शहर में थी। बोलेरो सवार युवक चाय-नाश्ता करने के लिए उतरे, तो वह शोर मचाते हुए सड़क के दूसरी तरफ भाग गई।
छात्रा के अपहरण की सूचना उसके पिता ने पुलिस को दी है। रामपुर थाने की दो टीम किशोरी की तलाश में जुटी थी। किशोरी तो मिल गई है, लेकिन अपहरण करने वाले युवक भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है।
-इलामारन जी, एसपी मऊ।