घोसी। कोतवाली क्षेत्र के अमिला-अजमतगढ़ मार्ग स्थित हनुमान नगर के पास बुधवार को दोपहर बाद सड़क के किनारे खड़ी एक कार को साइड करने के विवाद में गोली चल गइ। जिससे युवक घायल हो गया। मामले में आरोपी कॉलेज प्रबंधक को पुलिस ने असलहे सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस उपाधीक्षक ने घटना स्थल का दौराकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के टेघना निवासी राहुल यादव 25 अपनने मौसेरे भाई समीर के साथ सड़क के किनारे कार खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहा था। इसी बीच पीछे से आई एक कार चालक ने हार्न बजाया तो राहुल अपनी कार साइड करने लगा। इसी दौरान कार में बैठे एक व्यक्त् िने राहुल को गाली दे दी। राहुल के विरोध करने पर उक्त व्यक्ति ने राहुल पर असलहे की मुठिया से प्रहार करने के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी की कार एक महाविद्यालय की तरफ चली गई। राहुल अपने दो चार साथियों को लेकर महाविद्यालय पहुंचा। इसी दौरान बाहर निकले आरोपी मैनेजर ने असलहे से फायर कर दिया। गोली राहुल के पैर में लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल राहुल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीओ राजीव कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी कालेज मैनेजर को उसके लाइसेंसी पिस्टल के साथ हिरासत में ले लिया है। कोतवाल नागेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी कालेज मैनेजर को लाइसेंसी पिस्टल के साथ हिरासत में लिया गया है। घायल खतरे से बाहर है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।