रानीपुर। घर से गायब हुए 28 वर्षीय युवक का शव 48 घंटे बाद बुधवार की सुबह उसके ही गांव में बने एक कुंआ में उतराया हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव की है।
भुसुवा ग्रामसभा में बुधवार की सुबह महिलाएं गांव स्थित मंदिर में पूजा अर्चना करने गई थीं। मंदिर के पास कुंआ से बदबू आने पर महिलाओं ने जब कुंआ में झांका तो उन्हें शव उतराया हुआ दिखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कुंआ से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त गांव निवासी रामसूरत चौहान 28 पुत्र स्व. रेखा चौहान के रूप में हुई। रामसूरत का शव मिलने पर उसकी मां सोनिया और उसकी बहन सुरवंती पहुंची। मृतक की मां ने अपने बेटे की हत्या कर शव कुंआ में फेंकने की आशंका जताई। बताया कि उसका बेटा बीते रविवार की शाम मजदूरी करने जाने की बात कहकर निकला था। इस बाबत एसओ रानीपुर अखिलेश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
इनसेट
घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था रामसूरत
रानीपुर।मृतक रामसूरत अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। दस वर्ष पहले बीमारी से पिता की मौत के बाद वह अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। रामसूरत की मौत के बाद उसकी मां का एकमात्र सहारा भी छिन गया।घटना के बाद उसकी इकलौती विवाहित बहन सुरवंती औ मां का रो रोकर बुरा हाल है।वहीं घटना के समय मृतक की पत्नी मायके में थी।