रतनपुरा। बलिया जिले के सिसवार मोड़ पर बुधवार की देर रात पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा सवार घायल हो गया। मृतक हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर का निवासी है।
जानकारी के अनुसार मुबारकपुर निवासी कईम अंसारी (18) पुत्र समी अहमद उर्फ मुन्ना अंसारी अपने बाइक से पड़ोसी सद्दाम अंसारी (18) पुत्र स्वर्गीय जमील अहमद को बैठाकर बुधवार को किसी काम से बलिया जिले के नगरा गया था। वहां से देर रात करीब बारह बजे दोनों वापस लौट रहे थे कि सिसवार मोड़ पर एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। घायलों की सूचना मिलने पर पहुंची नगरा पुलिस घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले गई, और उनके अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा में उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान कईम अंसारी की मौत हो गई।