मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में बुधवार की देर रात एक 32 वर्षीय युवक ने कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना के समय घर में सिर्फ युवक के बुजुर्ग पिता मौजूद थे। युवक की पत्नी तीन दिन से मायके में है। रानीपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी सतीश गुप्ता (32) पुत्र बालमुकुंद कबाड़ की खरीद बिक्री का काम करता था। बुधवार की रात वह अपने पिता के साथ भोजन कर अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह जब देर तक वह अपने कमरे से नहीं निकला तो पिता ने जाकर देखा तो वह पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह देख बुजुर्ग पिता चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रानीपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।