कोपागंज थाना के अदरी कस्बा में बंद कमरे में शव मिलने पर दरवाजा तोड़ती पुलिस और जुटी भीड़। संवाद
कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी कस्बा में मंगलवार की शाम 46 वर्षीय श्रीनाथ विश्वकर्मा का शव उनके घर के दूसरे तल पर स्थित बंद कमरे में मिला। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
अदरी नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी श्रीनाथ विश्वकर्मा की पत्नी का एक वर्ष पहले निधन हो गया था। उनकी एक बेटी मौसी के घर रहती है। वह अपने दो भाइयों से अलग रहते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वह बाहर रहकर फर्नीचर बनाने का काम करते थे। करीब डेढ़ माह पहले घर लौटे थे और मऊ स्थित एक दुकान पर फर्नीचर का काम कर रहे थे।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्हें अंतिम बार तीन दिन पहले शाम को देखा गया था। मंगलवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने लगी। शाम तक दुर्गंध और बढ़ने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां श्रीनाथ विश्वकर्मा का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि मृत्यु दो-तीन दिन पहले हुई है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।