हलधरपुर थाना क्षेत्र के देवदह गांव के सीवान में बाजरे के खेत में रविवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। रजमलपुर निवासी रामसरीख राम (40) की आंख पर कपड़े की पट्टी बंधी थी तथा हाथ व पैर रस्सी से बंधा था। वह मऊ शहर में रिक्शा चलाता था। परिवारीजन ने जमीन के विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रजमलपुर गांव निवासी रामसरीख दो वर्षों से मऊ शहर में रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। गुरुवार को रक्षा बंधन मनाकर नित्य की भांति शुक्रवार की सुबह मऊ चला गया। परिवारीजन के अनुसार वह अपनी पत्नी से फोन बात कर हालचाल पूछता रहता था। शनिवार की सायं आने की बात कही थी। परिवारीजन के अनुसार शनिवार देर रात तक उसका फोन नहीं आया।
रविवार की सुबह देवदह गांव के लोग नित्य क्रिया के लिए जा रहे तो गांव के पश्चिमी तरफ बाजरे के खेत में एक शव दिखा। बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार शव की आंख पर काले कपड़े की पट्टी बंधी थी तथ हाथ- पांव भी रस्सी से बंधा था। सिर पर गहरे घाव के निशान थे।
शव की पहचान के बाद सूचना पर हलधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ मधुबन ने मौके पर पहुंच जायजा लिया । तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहंुची रामसरीख की पत्नी की तहरीर पर गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले में अबत के किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।