मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी स्थित ख्वाजा जहांपुर मोहल्ले में शनिवार की देर रात एक युवक ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी परिवार को रविवार की सुबह हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोडकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशीष चौहान 23 शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी स्थित ख्वाजा जहांपुर मोहल्ले का निवासी था। आशीष ने किसी बात से नाराज होकर शनिवार को परदहां गांव स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया था और समझा बुझाकर घर वापस भेज दिया था। आशीष शनिवार की रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार की सुबह जब देर तक कमरे से बाहर नही आया तो परिवार के लोगों ने उसे आवाज देकर जगाने का प्रयास किया इसके बाद भी जब दरवाजा नही खुला तो घर के लोगो ने खिडकी से झांककर कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बिलख उठे। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोडकर शव को बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि कारणों का पता लगाया जा रहा है।