जिले में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी है। जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भी सुबह कोहरा छाए रहने से जनजीवन पर असर पड़ा।
लोग घरों में देर तक दुबके रहे। दोपहर बाद धूप निकलने पर लोगों को राहत मिली। वहीं शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा। उधर, ठंड की मार गरीबों पर पड़ रही उनके लिए जिला प्रशासन ने अभी तक अलाव का इंतजाम नहीं किया है।
सड़क पर 50 मीटर तक कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा था। सुबह व शाम के समय रिक्शा, ठेला, खोमचा चलाने और फुटपाथ पर जिंदगी गुजारने वालों की स्थिति बद से बदतर हो जा रही है।
फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले कुछ घंटे बाद ही दुकान बंद करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। उधर, खेतों में काम करने वाले किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है।
बिजली आपूर्ति का दिन रात का शेड्यूल लागू होने से किसानों को जान जोखिम में डालकर रात में फसलों की सिंचाई करनी पड़ रही है। दिन में ही पर्याप्त बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग कर रहे हैं बावजूद अधिकारी शासन का फरमान बताकर मामले से पल्ला झाड़ ले रहे हैं।