चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन नगर के फातिमा तिराहा स्थित मनोकामना मंदिर पर सजा मां दुर्गा का दरबार?
- फोटो : MAU
मऊ। नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को दुर्गा मंदिरों में द्वितीय ब्रह्मचारिणी की आराधना की गई। पूजा के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं का देर शाम तक तांता लगा रहा। तड़के से ही दर्शन के लिए लोग लंबी कतारों में खड़े रहे। श्रद्धालुओं के जयकारे से माहौल दुर्गामय होता रहा। वहीं, प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिला मुख्यायालय से 11 किमी दूर वनदेवी धाम और शहर में स्थित शीतला माता धाम, रोडवेज दुुर्गा मंदिर, फातिमा तिराहा, इमिलिया स्थित दुर्गा मंदिर सहित प्रमुख देवी मंदिरों में मां का दर्शन पूजन करने के लिए लंबी कतार लगी रही। शीतला माता धाम में देवी की पूजन-अर्चन करने के लिए रविवार को सुबह से ही भारी संख्या में भक्त लाइन में खड़े थे। लाइन में खड़े लोग माता की जय-जयकार का उद्घोष कर रहे थे। पूरा मंदिर परिसर भक्ति मय हो देवी के जयकारे से गूंजायमान हो रहा था। जबकि यही स्थिति वन देवी धाम की थी। यहां भी देवी की पूजन अर्चन के लिए लंबी कतार लगी थी।