भक्तों ने की मां सिद्धिदात्री की आराधना
नवरात्र की नवमी को दुर्गा मंदिरों में मां सिद्धिदात्री की आराधना की गई। नगर सहित जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में नवमी केे दिन मां का दर्शन पूजन करने के लिए दूर दराज सहित गैर जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेका। नवरात्र के अंतिम दिन नवमी की बेला पर मां दुर्गा का व्रत रखकर पूजन अर्चन करने वाले श्रद्धालुओंने व्रत का पारण किया। इस बीच कुंवारी कन्याओं की पूजा की गई।
देवी भगवती का नौवां स्वरूप सिद्धिदात्री का है। ये सभी सिद्धियों को देने वाली हैं।
नवमी का इनकी उपासना की जाती है। इस दिन शास्त्रीय विधि विधान से साधना करने वाले साधक को सिद्धियां प्राप्त होती हैं। इन्हीं मान्यताओं को देखते हुए नगर के शीतला माता मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित मां सिद्धेश्वरी मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव गांव का अष्टभुजी मंदिर, मांदी सिपाह स्थित मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों मेें मां का पूजन अर्चन करनेे के लिए दूर दराज सहित गैर जनपद से श्रद्धालु आए ।
मां का दर्शन पूजन करने को भक्त बेताब नजर आ रहेे थे। माता रानी के सभी नव रूपों का स्मरण करते हुए श्रद्धालु शांत भाव से कतार में खड़े होकर अपने बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। बीच-बीच में जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान हो जा रहा था। नौ दिन तक व्रत रखने वाले भक्तों ने हवन पूजन किया। साथ ही कुंवारी कन्याओं को भोजन कराकर देवी पूजन के रस्म निभाए।