मऊ। नगर पालिका वार्डो में विकास का काम कागजों पर कर रही है। शहर के बीचोंबीच बसे तीन वार्डों के मुहल्लों में अब तक गंदे पानी की निकासी को लेकर न तो नाली न बन सकी है और न ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की गई। छितनपुरा रहमत नगर, निषाद नगर तथा मुसरदह मोड़ की यादव कॉलोनी का यही हाल है। स्थानीय लोगों के बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़े हैं। कहने को तो यह इलाके शहर के हैं लेकिन व्यवस्थाएं गांव से भी बदतर है। जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 जारी है। निकाय के जिम्मेेदार अभियान में अपने-अपने निकायों के वार्डो में स्वच्छता के साथ विकास का दावा भी कर रहे हैं। लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर है। नगर पालिका मऊ इसका उदाहरण है। नगर के वार्ड 32 छित्तनपुरा के रहमतनगर निवासी बेलाल हसन बताते हैं कि मुहल्ले का गंदा पानी कासिमप ोखरी होते हुए रेलवे लाइन के दूसरे तरफ नाले में गिरता था, रेलवे के नाला बंद करने के बाद घरों से निकलने वाला गंदा पानी अब सड़क पर बह रहा है। समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई मगर पालिका के जिम्मेदारों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसके अलावा जो नाली बनी है वह भी क्षतिग्रस्त है। वार्ड 16 निषाद नगर में अब तक न तो नाली का निर्माण हुआ और न ही एप्रोच मार्ग बन सका। ऐसे में मुहल्ले की करीब दो हजार की आबादी आज भी पगडंडी के सहारे आवागमन कर रही है। नाली निर्माण न होने से खुले में गंदे पानी की निकासी है। मुहल्ले के डॉ. रामलखन निषाद तथा रामअवध निषाद बताते हैं कि एप्रोच मार्ग का कार्य तो किया जा रहा है, लेकिन इसको आबादी वाले मार्ग से नहीं जोड़ा जा रहा है। यह कब तक पूरा होगा इसकी भी कोई गारंटी नहीं। खुले में गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसी तरह से वार्ड एक में मुसरदह मोड़ स्थित यादव कॉलोनी का भी ऐसा ही हाल है। कॉलोनी की सड़क जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जबकि नालियों के क्षतिग्रस्त होने तथा कभी सफाई न होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। स्थानीय निवासी सत्यप्रकाश पांडेय बताते है कि सड़क क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई है। इसी में गंदा पानी भर जाने से मुश्किल हो गई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया किहर वार्डो में विकास कार्यो को प्राथमिकता दी जा रही है। जिन वार्डो में नाले-नालिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है, सड़क बदहाल है, वहां सर्वे कर समस्या का निदान किया जाएगा।
निषाद नगर में क्षतिग्रस्त नालियों के कारण सड़क पर बह रहा गंदा पानी। संवाद- फोटो : MAU
नगर के वार्ड नं 32 छितनपुरा रहमत नगर में क्षतिग्रस्त मार्ग और जमा पानी। संवाद- फोटो : MAU