नगर के सहादतपुरा स्थित अली बिल्डिंग मार्केट में तीज को लेकर खरीददारी करती महिलाएं और युवतियां।स
मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों मेें अखंड सौभाग्य के लिए विवाहित महिलाओं की तरफ से मनाया जाए जाने वाले हरितालिका तीज व्रत में चार दिन शेष हैं। इसकी तैयारी तेजी से चल रही है। प्रमुख बाजारों में चहल पहल बढ़ गई है। सुहागिन महिलाएं नए वस्त्र, आभूषण, पूजा सामग्री आदि की खरीदारी करने में जुट गई हैं। तीज पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह नजर आया।
अखंड सौभाग्य के लिए विवाहित महिलाएं 26 अगस्त को हरितालिका तीज व्रत रखेंगी। पर्व की तैयारी तेजी से चल रही है। नगर क्षेत्र के मुंशीपुरा, आजमगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा, सदर चौक, रौजा बाजार, भीटी, बालनिकेतन, मिर्जाहादीपुरा, घास बाजार, मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में गहगागहमी रही। महिलाओं ने पूजन-अर्चन एवं शृंगार, आभूषण आदि की खरीदारी की। पर्व को लेकर बाजारों में काफी रौनक दिखी। महंगाई की वजह से लोग अपने-अपने बजट के अनुसार सामान की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में सामान की खरीदारी करने आई जानकी देवी, सुनीता सिंह का कहना था कि महंगाई के बाद भी सामान तो खरीदना ही है। बताया कि पूरे विधि विधान से व्रत रखती हैं। मां पार्वती और भगवान शंकर निश्चित रूप से अखंड सौभाग्य की कामना पूरी करते हैं। नगर के सहादतपुरा के साड़ी कारोबारी सुरेश कल्यानिया ने बताया कि तीज पर्व को लेकर फैंसी साड़ियों की डिमांड है। एक हजार से तीन हजार तक साड़ियां बिक रही हैं। आभूषण व्यवसायी एवं सराफा मंडल के जिलाध्यक्ष विजय सर्राफ का कहना है कि तीज व्रत काे लेकर हल्की चेन, बिछिया, पायल आदि की डिमांड है। अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।