फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मऊ: शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का फूटा गुस्सा, अमिला-बोझी मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन

Thu, 27 Aug 2026 04:53 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, मऊ।

सार

मऊ में शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट गया। छींटाकशी और अभद्रता का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने प्रदर्शन किया। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खुला। 
विज्ञापन
अमिला-बोझी मुख्य मार्ग जाम कर महिलाओं ने किया प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मऊ जिले में घोसी कोतवाली क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग गांव के समीप अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर संचालित देशी शराब की दुकान के विरोध में बृहस्पतिवार को महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाओं ने देसी शराब की दुकान के सामने बांस लगाकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और शराब की दुकान को अन्यत्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। 

विज्ञापन


जाम के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि शराब की दुकान होने के कारण शाम के समय वहां शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब के नशे में आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर छींटाकशी व अभद्रता की जाती है। 

महिला सुशीला देवी, दसरावती, आशा, प्रेमशीला, मंजू, मालती, रुनिया आदि कहना था कि दुकान खुलने के बाद गांवों में शराब का सेवन बढ़ा है और इसके चलते आए दिन घरों में विवाद की स्थिति भी पैदा होती है। बताया जाता है कि अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर मुजार बुजुर्ग के समीप करीब डेढ़ वर्ष पूर्व लाइसेंसी देशी शराब की दुकान खोली गई थी। 
विज्ञापन


दुकान के पास से करीब छह गांवों के हजारों लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। महिलाओं के मुताबिक, ऐसे व्यस्त मार्ग पर शराब की दुकान होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम की सूचना पर बोझी चौकी प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। 

उन्होंने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर दुकान हटाने का आश्वासन दिया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। बाद में मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी घोसी अशोक सिंह को महिलाओं ने शिकायती पत्र सौंपा। एसडीएम के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त किया। जिसके बाद मार्ग पर लगभग आधा घंटे बाद आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सका। एसडीएम अशोक सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र को उच्चाधिकारियों को अवगत करा उचित कार्रवाई होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें