घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिड़सुई अहिलासपुर गांव में सोमवार की शाम तेज रफ्तार बाइक ने गुलईची (48) को टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई।
पति शिवनाथ यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। शिवनाथ यादव ने बताया कि मड़ाई के बाद खेत में भूसा छोड़ा गया था। सोमवार की शाम करीब 4:30 बजे उनकी पत्नी गुलईची पशुओं को खिलाने के लिए भूसा लेने जा रही थीं।
जैसे ही वह मुख्य मार्ग पर पहुंची, तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर लगते ही वह सड़क पर सिर के बल गिर गईं और कुछ ही देर में खून से लथपथ हो गईं।
वहां से गुजर रहे भतीजे ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। एंबुलेंस से परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घोसी लेकर पहुँचे।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आजमगढ़ स्थित निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, तब तक गुलईची की मौत हो चुकी थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाइक चालक और सवार युवक मौके से हिरासत में लिए गए हैं।