मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के फतेहपुर ताल चंवर में विद्युत करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। शुक्रवार की दोपहर करीब 11 बजे खैरा नासिर गांव के फतेहपुर ताल चंवर निवासी रीना (38) अपने घर पर भीगे कपड़ा केबल पर पसार रही थी। इसी दौरान विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों सहित पूरे गांव में मातम छा गया। महिला के पति की मौत दो वर्ष पूर्व हो गई थी। अब रीना की मौत के बाद तीन बच्चे सौरभ (14), अभिषेक (12), प्रीति (8) अनाथ हो गए। तीनों बच्चों रो रोकर बेहाल हो गए। उन्हें बिलखते देख वहां मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ जाते।