डॉ. क्षितिज के अनुसार व्हाइट फंगस से पीड़ित व्यक्ति जब कोविड पॉजिटिव था, तो इलाज में स्टेरॉयड दवाओं का इस्तेमाल किया गया। ठीक होने के बाद भी डॉक्टर ने स्टेरॉयड दवा खाने की सलाह दी थी। फिलहाल मरीज की स्टेरॉयड दवा बंद कर दी गई है। उसके बाद व्हाइट फंगस का उपचार शुरू किया गया है। अगर कल तक मरीज को आराम नहीं मिला तो ऑपरेशन करना पड़ेगा।
वाराणसी में ब्लैक फंगस
वाराणसी में ब्लैक फंगस के अब तक 35 मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें तीन मरीज निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी 32 में बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में कोरोना के साथ-साथ ब्लैक फंगस के 19 संदिग्ध मरीज के रूप में भर्ती हैं। छह का ऑपरेशन हो चुका है और दो की मौत हो चुकी है। एक नया मरीज शुक्रवार को आया। इसके अलावा छह अन्य मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट का इंतजार है।