बलिया-शाहगंज रूट पर पैसेंजर ट्रेनों के विलंब से चलने से गुस्साए
यात्रियों ने शुक्रवार को खुरहट रेलवे स्टेशन पर जमकर बवाल किया।
यात्रियों
ने सिग्नल केबिन और स्टेशन मास्टर के कार्यालय का घेराव करते हुए प्रदर्शन
किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद और शिकायत पुस्तिका में शिकायत
दर्ज कराने के बाद यात्री माने। इसके बाद स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेनों
को स्टेशन अधीक्षक ने पास कराया।
शाहगंज से बलिया रेलवे रूट पर काफी
दिनों से पैसेंजर ट्रेन लेट से आ और जा रही थी। जिससे प्रतिदिन यात्रा करने
वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इसके विरोध में
शुक्रवार की खुरहट रेलवे स्टेशन पर जैसे ही 8.38 पर सुबह शाहगंज से बलिया
जाने वाली पैसेंजर ट्रेन और बलिया से शाहगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 8.48
पर पहुंची।
ट्रेनों को रोक कर एक्सप्रेस ट्रेनों को निकाले जाने और ट्रेनों
के विलंब से जाने को लेकर यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस
दौरान आक्रोशित यात्रियों ने सिग्नल केबिन और स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय
को घेराव कर प्रदर्शन किया।
बवाल की जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस
मौके पर पहुंची। जिसके बाद प्रदर्शन कर रहे यात्रियों ने प्रदर्शन समाप्त
किया।
इस दौरान रेलवे स्टेशन मास्टर पवन कुमार ने यात्रियों की बात
उच्चाधिकारियों से कराई और यात्रियों ने शिकायत पुस्तिका में अपनी शिकायत
को भी दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान खुरहट रेलवे आउटर पर गोदान एक्सप्रेस
को 10 मिनट और सावरमती एक्सप्रेस को 15 मिनट आउटर पर खड़े होना पड़ा। जिसके
बाद स्टेशन मास्टर ने एक एक करके ट्रेनों को रवाना कराया।