वलीदपुर। मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने बीते दिनों पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय से ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न करने को लेकर शिकायत किया था। विवाहिता की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बृहस्पतिवार देर शाम मोहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। विवाहित ने आरोप लगाया कि उसकी शादी छह मई 2019 को अमित कुमार सिंह पुत्र कालिका सिंह निवासी डंगौली मुहम्मदाबाद गोहना से हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। कुछ दिन बीतने के बाद मेरे ससुराल के लोगों द्वारा मेरे सभी सोने चांदी के आभूषण को हमसे छीन लिया गया और घर से निकालकर बाहर कर दिया गया। तब भाई को बुलाकर मायके चली गई। इसी बीच तीन जून 2023 को एक पुत्री को जन्म दिया, इसके बावजूद पति द्वारा 30 लाख रुपये की मांग की जाने लगी और नहीं देने पर तलाक देने की धमकी देने लगा। कुछ दिन बाद पति ने ससुराल के लोगों की मदद से चोरी से दूसरी शादी कर ली। बीते दिनों एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई।