दुबारी। फतहपुर मंडाव ब्लॉक क्षेत्र के दुबारी गांव स्थित जल निगम की तरफ से बिछाई गई पाइपलाइन दुबारी मटियरा के पास सड़क मरम्मत के दौरान फट जाने से 12 गांवों में पांच दिनों से जलापूर्ति ठप है। इससे लोगों को शुद्ध पानी मयस्सर नहीं हो रहा है। लोगों ने आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। फतहपुर मंडाव ब्लॉक क्षेत्र के दुबारी गांव स्थित ओवरहेड टैंक से क्षेत्र के गोबरही, कौड़ीपुर, लक्ष्मीपुर, टमठा, भठिया, रमऊपुर, पालपुरा, रतनपुरा, पचईपट्टी, छठईपट्टी, खरगीपुर, भानपुर, मोलनापुर, मठिया सहित विभिन्न गांवों को जलापूर्ति की जाती है। बीतेएक फरवरी को दुबारी मटियरा के पास सड़क मरम्मत के दौरान पाइपलाइन फट जाने से जलापूर्ति बाधित हो गई। लगातार पांच दिनों से जलापूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। प्रदूषित पानी के सेवन से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। इस संबंध में अजय गुप्त, किशोर मद्धेशिया, पवन जायसवाल, मुनीर, रफीक, रामबाज सिंह, इसराइल, जियाउल अहमद, रेहाना, नीबू लाल का कहना है कि आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं हो सका है। समस्या का समाधान अविलंब नहीं किया गया तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। इस बाबत जल निगम के अवर अभियंता सतेंद्र कौशल का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। शीघ्र ही मरम्मत करा दी जाएगी।