नगर क्षेत्र के रघुनाथपुरा मोहल्ले के लोगों ने रविवार को पानी आपूर्ति न होने पर नगर पालिका के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों ने जल्द ही पानी आपूर्ति को सुचारु कराने की मांग की। मोहल्ले के लोगों को करीब 18 दिनों से पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
नगर का वार्ड नंबर 34 रघुनाथपुरा काफी बड़ा है। यहां की आबादी करीब 15 हजार के करीब है। इस मोहल्ले में सलाहाबाद मोड़ के पास स्थित मऊ माडर्न स्कूल के सामने लगे ट्यूबेल से पानी की आपूर्ति होती है। यहां पर पानी आपूर्ति के लिए नगर पालिका ने पहले 20 हार्स पावर का मोटर लगाया था।
जो एक महीने पूर्व जल गया। इसके बाद नगर पालिका ने साढ़े सात हार्स पावर का मोटर लगा दिया। वो भी लोड न उठा सका और जल गया। इसके बाद नगर पालिका ने वहां दोबारा साढ़े सात हार्स पावर का मोटर लगवा दिया। इसके बाद से रघुनाथपुरा मासूम तकिया मोहल्ल तक पानी आपूर्ति बीते 18 दिनों से हो ही नहीं पा रही है। पानी आपूर्ति न होने के कारण लोगों को दूसरों पर आश्रित होना पड़ रहा है।
मोहल्ले के कुछ लोगों के यहां बड़े पंप लगे हैं, जो जनरेटर चला कर मोहल्ले के लोगों को किसी तरह से पानी दे रहे हैं। पानी आपूर्ति न होने से परेशान मोहल्लेवालों का गुस्सा आखिरकार रविवार को फूट गया। सैकड़ों की संख्या में बड़े बुजुर्ग, बच्चे सभी बाल्टी लेकर मोहल्ले के मासूम तकिया मैदान पर पहुंचे और वहां पर जमकर नगर पालिका के विरोध में नारेबाजी की। पानी की आपूर्ति की मांग की।