झमाझम बारिश के बाद नगर के घास बाजार में हुआ जलभराव।
- फोटो : MAU
नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार को बारिश का सिलसिला जारी रहा। तड़के शुरू हुई तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं मूसलाधार बारिश ने नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। निचले इलाके में कई घरों में पानी घुस गया।
जिले में काफी समय से बारिश न होने से सूखे की स्थितचि उत्पन्न हो गई थी। धान के खेतों में दरार पड़ गई थी। बारिश के लिए मंदिरों में पूजन अर्चन होने लगा था। शनिवार को मौसम में बदलाव दिखा। रात से ही बारिश शुरू हो गई। रुक-रुक कर बारिश होती रही।
रविवार को तड़के से शुरू हुई तेज बारिश सुबह लगभग सात बजे तक होती रही। बारिश होने से मुरझा रही धान की फसल को जहां संजीवनी मिली। वहीं मौसम में बदलाव होने से किसानों के चेहरे पर चमक देखी जा रही थी। मौसम सुहावना होने से लोगों को मस्ती करते देखा गया। घंटों बारिश होने से शहर के हैदर नगर, छित्तनपुरा, रघुनाथपुरा, मुुंशीपुरा, भीटी दान कबीर, भीटी, सहादतपुरा, ब्रह्मस्थान, महरनिया, देवपरवा, चांदमारी इमिलिया सहित निचले इलाकों में जलनिकासी के बेहतर इंतेजाम न होने के कारण मुहल्लों में जलजमाव हो गया। इससे लोगों को पानी से होकर आना जाना पड़ रहा था। साथ ही रेलवे कालोनी, निजामुद्दीनपुरा की हाइडिल कालोनी परिसर में पानी भर जाने से कई आवासों में पानी घुस गया। ब्रह्मस्थान के श्रीप्रकाश, जर्नादन प्रसाद का कहना था कि बरसात के सीजन में जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। नगरपालिका प्रशासन की तरफ से केवल खानापूर्ति की जाती है।