घोसी विधानसभा के उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपर उप?
- फोटो : MAU
मऊ। घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होते ही जिले में आचार संहिता लागू हो गई है। सोमवार से नामांकन पत्र खरीदने का क्रम शुरू हो गया। 30 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे, पहली अक्तूबर को नामांकनपत्रों की जांच और 3 अक्तूबर को नामांकनपत्रों की वापसी होगी। मतदान 21 अक्तूबर और मतगणना 24 अक्तूबर को होगी।
ये जानकारी जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि नामांकन कक्ष के 100 मीटर परिधि के अंदर किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। नामांकन कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मोबाइल फोन व अन्य संचार उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। मीडिया कर्मियों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। नामांकन पत्रों की वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। मतदान 21 अक्तूबर को प्रात: 6 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा। 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। बताया कि सभा जुलूस का आयोजन करने से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अनुपालन न करने पर विधि सम्मत कार्रवाई होगी। जुलूस के दौरान वाहन पर अपने दल का झंडा बैनर , पोस्टर बैनर लगा सकते हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर घोसी ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों का दाखिला, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपर उपजिलाधिकारी न्यायालय कक्ष संख्या 4 में होगी। नामांकन पत्रों की बिक्री का समय प्रत्येक कार्य दिवस को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराहन तीन बजे के बीच होगा। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को उसके द्वारा प्रस्ताव के साथ कुल पांच व्यक्ति ही नामांकन कक्ष में जा सकेंगे। राष्ट्रीय अथवा राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी को एक प्रस्तावक तथा निर्दलीय प्रत्याशियों को 10 प्रस्तावक देने होंगे। वही सामान्य अभ्यर्थी के लिए जमानत राशि दस हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति, जनजाति के लिए पांच हजार रुपये होगी। निर्वाचन के दौरान प्रत्याशी अधिकतम 28 लाख रुपये खर्च कर सकता है। नामांकन में आने वाले वाहनों को 100 मीटर की परिधि के बाहर रोक दिया जाएगा।
227 मतदान केंद्र और 454 बूथ बने : मऊ। जिलाधिकारी ने बताया कि घोसी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर निर्वाचन क्षेत्र में कुल 227 मतदान केंद्र तथा 454 बूथ बनाए गए हैं। घोसी विधानसभा क्षेत्र में कुल 423952 मतदाता हैं। इसमें 195094 महिला तथा 228854 पुरुष मतदाता हैं। अन्य मतदाताओं की संख्या 4 है । उन्होंने बताया कि निर्वाचन को निर्वाचित कंट्रोल रूम बनाया गया है।