मदरसा इस्लामिया बैतूल उलूम की प्रबंध समिति का चुनाव
कोपागंज। मदरसा इस्लामिया बैतुल उलूम, खालिसपुर अदारी की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए निर्वाचन अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से मतदान स्थगित कराने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों के बीच कोपागंज ब्लॉक परिसर में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसमें इकबाल अहमद प्रबंधक, नेसार अहमद खान अध्यक्ष, एखलाक अहमद खान उपप्रबंधक और अहमद मुस्तफा कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव को लेकर 28 अक्तूबर को अधिकारियों को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ताओं ने सोसाइटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम की धारा 25(2) के तहत होने वाले चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। मोहम्मद मुस्तफा, नियाज अहमद, फारुख खान, कमरुज्जमा, शराफत जमाल, शमीम खान और इजरायल आदि ने बताया कि समिति के सदस्य नहीं होने के बावजूद कुछ लोगों को मतदान में शामिल कराया जा रहा है, जबकि वैध सदस्यों को चुनाव में प्रतिभाग करने से रोका जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि मतदान का निर्धारित समय सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक था, लेकिन दोपहर 3:55 बजे मतदान शुरू कराने का प्रयास किया गया।
उन्होंने चुनाव को एकपक्षीय तरीके से संपन्न कराकर अपने पक्ष के व्यक्ति को निर्वाचित कराने की आशंका जताते हुए निर्वाचन अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने और मतदान स्थगित करने की मांग की थी। वहीं, बुधवार को कोपागंज ब्लॉक परिसर में चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन अधिकारी ने बधाई दी। इसके बाद समिति के सदस्यों और ग्रामसभा के लोगों ने भी सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को मुबारकबाद दी। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी मदरसे की शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और संस्था के विकास के लिए काम करेगी।