गांवों में मनरेगा के तहत हुए कार्यों में घपले की जांच पूरी करने की मांग लेकर गांव बचाओ मोर्चा ने आवाज उठाई। कलेक्ट्रेट पर सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में लंबित जांचों को पूरा कराने की मांग की। डीएम वैैैभव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। कहा कि अगर 25 अगस्त तक जांचें नहीं हुई तो प्रदर्शन करेंगे।
गांव बचाओ मोर्चा के संरक्षक लोकतंत्र रक्षक सेनानी जगन्नाथ सिंह ने कहा कि जिले में कई ऐसी ग्राम पंचायतें हैं जहां लाखों का गबन हुआ है। लेकिन आज तक जांच नहीं हुई। बताया कि ग्राम पंचायत गरथौली में पहली जांच में 64,1855.40 का घपला सामने आया। जबकि दूसरी जांच में अधिकारी मिलकर गबन को शून्य दिखाया है।
जिले के बगली पिजड़ा, रानीपुर ब्लाक के ब्राह्मणपुरा ,रतनपुरा ब्लाक के इटौरा गांव में कई मामलों की जांच अभी तक अधर में पड़ी हुई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि परदहां ब्लाक के बीडीओ द्वारा फर्जी बोलेरो से चलना दिखाकर स्पलेंडर बाइक के नंबर पर बीयरर चेक काटकर लाखों रुपए का गबन किया गया है।
लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। पदाधिकारियों ने जल संरक्षण योजना के तहत जिले में खोदे गए तालाबों की जांच कराई की मांग की। बाल गोविंद सिंह, रामबदन , लक्ष्मण सिंह, विनय भूषण सिंह, संतोष कमार, हरिकेश यादव, चन्द्रभान यादव, रामानंद चौहान आदि मौजूद रहे।