श्री विश्वकर्मा पूजा को लेकर नगर के सहादतपुरा में लगी दुकान से सजावट और चित्र की खरीदारी करते लोग
- फोटो : MAU
मऊ। सृष्टि के शिल्पकार विश्वकर्मा जी की पूजा शनिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में विधि विधान से की जाएगी। इस अवसर पर पूजन की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। इस दौरान बाजार में लगी सजावट की दुकानों के साथ साथ मिठाई और फलों की दुकानों पर काफी भीड़ देखी गई। विश्वकर्मा पूजनोत्सव के दिन नगर के सहादतपुरा, रोडवेज, चौक, मिर्जाहादीपुरा, बिजली विभाग सहित घोसी, मुहम्मदाबाद गोहना, मधुबन, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में लोग अपने प्रतिष्ठान की पूजा करते हैं। साथ ही नगर क्षेत्र के रेलवे और रोडवेज परिसर में वृहद पूजा पाठ भी किया जाता है। जिसके लिए लोग सुबह से ही साफ-सफाई के लिए जुटे नजर आए। नगर क्षेत्र के सहादतपुरा सहित विभिन्न सजावट की दुकानों पर भीड़ लगी रही। यहां आए लोगों ने देव शिल्पी के चित्रों और सजावट के सामानों की खरीदारी की। इसके साथ नगर के विभिन्न बाजारों में स्थित मिष्ठान की दुकानों पर भीड़ लगी रही। पूजनोत्सव में पूजा के दौरान चढ़ने वाले फलों की भी लोगों ने फलों की खरीदारी कर ली। जिसके अलावा पूजा पाठ की सामग्रियोें की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ रही। मझवारा : सृष्टि के शिल्पकार विश्वकर्मा जी की पूजा शनिवार को क्षेत्र के पवनी, मझवारा, सेमरीजमालपुर, चचाईपार, लुुदुही सहित विभिन्न इलाकों के बाजारों में धूमधाम से की जाएगी। दुुकानदार अपने दुकानों की साफ सफाई करने में लगे रहे। बाजारों में गहमागहमी रही।