जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव का माला पहनाकर स्वागत करते सपा कार्यकर्ता।
जिला पंचायत अध्यक्ष अंशा यादव ने मंगलवार को अपने 34 जिला पंचायत सदस्यों के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिला पंचायत अध्यक्ष अंशा यादव को शपथ दिलाई।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष ने अन्य सभी 34 जिला पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव ने कहा कि पंचायतें जितनी मजबूत होगी उतना ही देश मजबूत होगा।
कहा कि गांधी जी का सपना ग्राम पंचायतों को ही मजबूत करने का था। आज लोकतांत्रिक व्यवस्था में ग्राम पंचायतें पहले की अपेक्षा काफी मजबूत होती जा रही हैं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकहो रही हैं। इसी का परिणाम है कि कई ग्राम पंचायतें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी हो रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष अंशा यादव ने कहा कि आज का दिन बहुत ही सौभाग्यशाली दिन है कि इतनी बड़ी संख्या में सपा के दिग्गज नेताओं के बीच उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने सभी का आभार प्रकट करते हुए जिला पंचायत सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा की। कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर गांव का विकास करना ही उनकी प्राथमिकता है।