कोतवाली घोसी के करीमुद्दीन बगही गांव के पास शनिवार की शाम सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद रविवार को लोगों का गुस्सा बाहर आया। हादसे का कारण बनी जीप चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली के बाहर युवक का शव रखकर वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
इससे डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। घोसी कोतवाली प्रभारी राकेश जायसवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम इकबाल के आश्वासन के बाद ग्रामीण मानें और जाम समाप्त किया।
शनिवार की शाम अहमदपुर असना निवासी राहुल (25) पुत्र राजदेव साइकल से करीमुद्दीन बगही आ रहा था। जब वह बगही ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा तो मधुबन की तरफ से आ रही जीप ने पीछे से उसे ठोकर मा दिया।
इस दौरान राहुल गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। राहुल की मौत के बाद जीप चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक राहुल का शव रखकर रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे घोसी कोतवाली के सामने वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
जाम के दौरान परिजनों ने जीप चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।करीब डेढ़ घंटे जाम के बाद घोसी कोतवाली प्रभारी राकेश जायसवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम इकबाल के काफी समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान यातायात बाधित होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं पुलिस ने राहुल के परिजन राजेन्द्र पुत्र रामबली के तहरीर पर गाड़ी मालिक भोरीक यादव निवासी मानिकपुर असना और अज्ञात चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर जीप को कब्जे में ले लिया। साथ ही परिजनों को चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।